दुर्ग: दुर्ग जिले में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कुम्हारी में घर के अंदर गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के चार सदस्य की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं, एक पुरुष और चार वर्षीय बच्चा शामिल हैं। पुलिस और दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घर के अंदर से चारों शव बरामद किए।

मिली जानकारी के अनुसार यह पूरी घटना कुम्हारी थाना क्षेत्र की है। यहां एक मकान में दोपहर के समय अचानक तेज धमाके के साथ गैस सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पूरे घर में पल भर में आग फैल गई। उस समय घर के अंदर पूरा परिवार मौजूद था, जो आग की चपेट में आने के कारण बाहर निकल नहीं पाया।

आसपास के लोगों ने धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर बचाव की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल हो चुकी थी कि वे कुछ नहीं कर पाए। स्थानीय लोगों की सूचना पर दमकल और पुलिस की टीम पहुंची। दमकल कर्मियों ने लंबी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में गैस सिलेंडर ब्लास्ट को हादसे का मुख्य कारण बताया जा रहा है, हालांकि फॉरेंसिक टीम पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







































