AKALTARA NEWS. जांजगीर-चांपा जिले की अकलतरा नगर पालिका में एक बार फिर राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया है। नगर पालिका अध्यक्ष और पार्षदों के बीच चल रहा विवाद अब विरोध प्रदर्शन तक पहुंच गया है। नाराज पार्षदों ने शुक्रवार सुबह नगर पालिका कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया और अध्यक्ष के खिलाफ जमकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, तीन दिन पहले हुई सामान्य सभा की बैठक में अध्यक्ष दीप्ती रोहित सारथी और पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि तालाब गहरीकरण कार्य और प्लेसमेंट कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को लेकर विवाद बढ़ गया था। बैठक के दौरान माहौल इतना गर्म हो गया कि अध्यक्ष बीच बैठक से उठकर चली गई थीं।

इसी मामले को लेकर आज सामान्य सभा की दोबारा बैठक बुलाई गई थी। लेकिन बैठक शुरू होने से पहले ही भाजपा और कांग्रेस के पार्षद एकजुट होकर विरोध में उतर आए। भीषण गर्मी के बीच पार्षदों ने नगर पालिका कार्यालय में ताला लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी।

स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। फिलहाल नगर पालिका परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है।






































