BALRAMPUR NEWS. बलरामपुर जिले के सामरी पाठ थाना क्षेत्र के भुताही गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में नहाने गए दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक की लहर फैल गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि इसकी सूचना के बाद पुलिस पहुंच गई है।

जानकारी के अनुसार, 5 और 6 साल के दो बच्चे अपने साथियों के साथ गांव के पास स्थित नदी में नहाने पहुंचे थे। खेलते-खेलते दोनों बच्चे अनजाने में गहरे पानी की ओर चले गए और देखते ही देखते डूबने लगे। साथ में मौजूद अन्य बच्चों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।

आवाज सुनते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना देर किए नदी में उतरकर बच्चों को बचाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मासूम बच्चों के शव देखकर परिजनों का दर्द छलक पड़ा और पूरा माहौल गमगीन हो गया।

बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे ग्राम पंचायत सबाग और भुताही के रहने वाले थे। सूचना मिलने पर सामरी पाठ थाना प्रभारी विजय सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को दोनों बच्चों का पोस्टमार्टम कराया गया।

इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।






































