KORBA NEWS. कोरबा जिले के CSEB चौकी क्षेत्र स्थित 15 ब्लॉक इलाके में 27 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान मनीष चंद्रा के रूप में हुई है, जो एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घटना के समय मनीष अपने कमरे में था। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर उसके बड़े भाई ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां मनीष फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मृतक के भाई ने बताया कि मनीष का मोबाइल लॉक था, जिसे एक युवती से पासवर्ड लेकर खोला गया। मोबाइल की जांच में मौत से पहले बनाया गया एक वीडियो मिला, जिसे मनीष ने कथित तौर पर अपनी गर्लफ्रेंड को भेजा था। फोन में दोनों के बीच हुई चैटिंग भी मिली है।

परिजनों का आरोप है कि राताखार क्षेत्र की रहने वाली युवती मनीष पर लगातार मानसिक दबाव बना रही थी, जिससे वह काफी परेशान रहता था। परिवार के अनुसार, मनीष युवती के लिए अपनी और अपनी मां की आईडी से ऑनलाइन सामान भी मंगवाता था। किसी न किसी बात को लेकर युवती उस पर दबाव डालती थी, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।

मृतक के भाई ने बताया कि वह कई बार मनीष को युवती से दूरी बनाने की सलाह देता था, लेकिन उसने बात नहीं मानी। कई बार वह रातभर फोन पर बात करता रहता और घर से बाहर चला जाता था, जिसके बाद परिवार के लोग उसे समझाकर वापस लाते थे।

इस मामले में CSEB चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मोबाइल चैट और वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी। संबंधित युवती से भी पूछताछ की जाएगी।





































