NEW DELHI NEWS. दिल्ली के लाल किला परिसर के पास हुए भीषण कार ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने चार्जशीट दाखिल कर साजिश की कई अहम परतें खोली हैं। जांच एजेंसी के मुताबिक, इस आतंकी साजिश का मुख्य सूत्रधार उमर उन नबी था। खास बात यह है कि जिस कार में विस्फोट हुआ, उसी में उमर उन नबी भी मौजूद था और धमाके में उसकी मौत हो गई।

धमाके में 11 लोगों की मौत, 29 घायल
10 नवंबर 2025 की शाम करीब 6:50 बजे लाल किला परिसर के पास कार में हुए जोरदार विस्फोट से राजधानी दहल उठी थी। इस घटना में 11 लोगों की मौत हुई, जबकि 29 लोग घायल हुए थे। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़ी गाड़ियों के शीशे टूट गए और आसपास की दुकानों व इमारतों को भी नुकसान पहुंचा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए जांच NIA को सौंपी गई थी। लंबी जांच के बाद एजेंसी ने चार्जशीट दाखिल करते हुए साजिश के कथित मास्टरमाइंड और उसके नेटवर्क से जुड़े कई अहम तथ्यों का उल्लेख किया है।

निष्क्रिय आतंकी मॉड्यूल को फिर जिंदा करने की तैयारी
NIA के मुताबिक, उमर उन नबी उर्फ पिंडा और उसके साथी राहुल भट ने 2022 की शुरुआत से कथित तौर पर पहले से निष्क्रिय पड़े ‘अंसार गजवत-उल-हिंद’ (AGuH) मॉड्यूल को दोबारा सक्रिय करने की कोशिश शुरू की थी। जांच एजेंसियों ने इस नेटवर्क को अल-कायदा इन द इंडियन सब-कॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े नए स्वरूप के तौर पर चिन्हित किया है।

गुप्त बैठकें, फंडिंग और हथियार जुटाने का आरोप
चार्जशीट में दावा किया गया है कि उमर उन नबी ने जम्मू-कश्मीर और दिल्ली-एनसीआर में गुप्त बैठकें कर कथित तौर पर नेटवर्क तैयार किया। जांच के दौरान फंडिंग, ट्रेनिंग, हथियारों और सुरक्षित ठिकानों से जुड़े साक्ष्य मिलने की बात भी कही गई है।
कट्टरपंथी साहित्य भी बरामद
जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपियों के ठिकानों से ‘डेफिनेशन ऑफ जिहाद’ और ‘द रिक्वायरमेंट्स ऑफ जिहाद’ जैसी कट्टरपंथी सामग्री और दस्तावेज भी बरामद हुए। NIA का आरोप है कि इनका इस्तेमाल नेटवर्क में शामिल लोगों को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित करने के लिए किया जाता था।

चार्जशीट के मुताबिक, उमर उन नबी कथित तौर पर इस पूरे नेटवर्क को संगठित करने में केंद्रीय भूमिका निभा रहा था। हालांकि, धमाके के साथ ही उसकी मौत हो गई और अब जांच एजेंसी ने चार्जशीट के जरिए इस मामले में कथित आतंकी साजिश की कड़ियों को सामने रखा है।



































