KORBA NEWS. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भलपहरी में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मौत के चार दिन बाद प्रशासन की अनुमति और पुलिस की मौजूदगी में विवाहिता का शव कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया। मायके पक्ष ने महिला की मौत को संदिग्ध बताते हुए दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है, जबकि ससुराल पक्ष बीमारी से मौत होने का दावा कर रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम गिधौरी निवासी 26 वर्षीय विनीता पाटले की शादी करीब आठ वर्ष पहले भलपहरी निवासी मुकेश पाटले से हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। परिजनों के मुताबिक, मौत से कुछ दिन पहले तक विनीता सामान्य थी और एक पारिवारिक शादी समारोह में अपने पति के साथ शामिल हुई थी। इसी बीच अचानक उसकी मौत की खबर ने सभी को हैरान कर दिया।

पति मुकेश पाटले का कहना है कि 18 मई को विनीता की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। पेट दर्द और स्वास्थ्य खराब होने पर उसे पहले जिला अस्पताल और बाद में निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पति का दावा है कि विनीता पीलिया और शरीर में खून की कमी से पीड़ित थी। इसके बाद 19 मई को दोनों पक्षों की मौजूदगी में शव को दफना दिया गया।

हालांकि, मायके पक्ष ने इस दावे पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की बड़ी मां और परिजनों का कहना है कि विनीता के शरीर पर चोट के निशान थे तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका हुई। परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज और घरेलू प्रताड़ना के चलते उसकी मारपीट कर हत्या की गई और बिना पोस्टमार्टम जल्दबाजी में शव दफना दिया गया।

मायके पक्ष ने यह भी दावा किया कि पहले भी महिला के साथ मारपीट और प्रताड़ना की घटनाएं हुई थीं। आरोप है कि कुछ समय पहले पति ने उसे फांसी लगाकर मारने की कोशिश की थी, जिसके बाद वह मायके चली गई थी। बाद में पंचायत स्तर पर समझाइश के बाद वह दोबारा ससुराल लौटी थी।
मामले की शिकायत मिलने के बाद शुक्रवार को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट, पुलिस और प्रशासन की टीम भलपहरी गांव पहुंची। शुरुआत में मृतका के ससुर ने शव बाहर निकालने का विरोध किया, लेकिन कानूनी प्रक्रिया समझाने के बाद प्रशासन ने कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया।

उरगा थाना पुलिस के अनुसार, मामले की सच्चाई अब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट से सामने आएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे गांव में इस घटना को लेकर चर्चा और तनाव का माहौल है।



































