SURAJPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से ब्लैकमेलिंग और उगाही का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दो महिलाओं पर आरोप है कि उन्होंने एक युवक को झांसे में लेकर पहले शराब पिलाई, फिर उसका आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे धमकाना शुरू कर दिया। वायरल करने और झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर महिलाओं ने पीड़ित से करीब 3 लाख रुपये वसूल लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला भटगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, जरही निवासी गणेश मिश्रा का कुछ वर्ष पहले दोनों महिलाओं से परिचय हुआ था। इसी पहचान का फायदा उठाकर महिलाओं ने उसे मिलने के बहाने सूरजपुर बुलाया। आरोप है कि वहां युवक को शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए गए।

इसके बाद दोनों महिलाएं लगातार फोन कर वीडियो सोशल मीडिया में वायरल करने और फर्जी मामले में फंसाने की धमकी देकर पैसे की मांग करने लगीं। डर और बदनामी के भय से पीड़ित ने उन्हें अलग-अलग किश्तों में करीब 3 लाख रुपये दे दिए। जब ब्लैकमेलिंग बढ़ती गई, तब उसने भटगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

सूरजपुर एसडीओपी अभिषेक पैकरा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ब्लैकमेलिंग और पैसों की उगाही की बात सामने आई है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फिलहाल इस घटना के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।



































