छत्तीसगढ़ बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राज्य योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा का मंगलवार को निधन हो गया। उन्हें छत्तीसगढ़ सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके निधन की खबर सामने आते ही बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर फैल गई। बड़ी संख्या में समर्थक उनके निवास पहुंचने लगे हैं।
जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर के तिफरा में आयोजित बीजेपी के दो दिवसीय प्रशिक्षण महाअभियान के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। रूपनारायण सिन्हा इस प्रशिक्षण शिविर के प्रभारी भी थे। तबीयत खराब होने पर उन्हें तुरंत बिलासपुर सिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था।
रूपनारायण सिन्हा बीजेपी संगठन के सक्रिय और वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते थे। उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति मानी जा रही है। घटना के समय कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, सांसद रूपकुमारी चौधरी और बीजेपी विधायक अमर अग्रवाल समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
तिफरा में चल रहे इस दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का मंगलवार को दूसरा दिन था। अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम में मौजूद सभी नेता और कार्यकर्ता स्तब्ध रह गए। खबर मिलते ही बीजेपी नेताओं और समर्थकों का उनके घर पहुंचना लगातार जारी है।





































