RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोवा बाजार इलाके में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक बाउंसर ने ससुराल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है। मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी जितेंद्र वर्मा (32) पेशे से बाउंसर है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है।

बाउंसर का अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार को भी दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर बहन के घर चली गई। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चे से मिलने की कोशिश कर रहा था, लेकिन संपर्क नहीं हो पाने से वह गुस्से में आ गया। देर रात वह पिस्टल लेकर अपनी साली के घर पहुंचा और विवाद करने लगा। जब उसे बताया गया कि बच्चा वहां नहीं है, तो वह आपा खो बैठा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इस दौरान गीतांजली वर्मा (26) के माथे पर गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दुर्गेश्वरी वर्मा (24) के पेट में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया, जबकि दुर्गेश्वरी की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन कुछ देर बाद खुद ही थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में था और बातचीत की स्थिति में नहीं था।

मोवा थाना प्रभारी एसएन सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग अभी भी सदमे में हैं।




































