AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकला गांव में एक युवक ने अपनी तीन महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि प्रदीप अगरिया ने अपनी पत्नी हीरा बाई (23) को डंडे और पत्थरों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना के समय उनके तीन मासूम बच्चे भी घर में मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सात साल की बेटी अपनी मां को बचाने के लिए पिता से गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।

जानकारी के मुताबिक, प्रदीप अगरिया शराब का आदी था और आए दिन पत्नी से विवाद करता था। 14 मई की दोपहर वह नशे की हालत में घर पहुंचा और किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा शुरू कर दिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उसने हीरा बाई पर डंडे और पत्थरों से हमला कर दिया। आरोपी महिला को घर में घसीटते हुए लगातार पीटता रहा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई।

शाम तक जब महिला ने कोई हरकत नहीं की, तो आरोपी उसे गमछे से बांधकर मोटरसाइकिल पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अम्बिकापुर ले गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आरोपी पत्नी का शव अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला के शरीर पर 16 गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। वहीं डॉक्टरों को महिला के प्राइवेट पार्ट से लोहे की 12 इंच लंबी रेती भी बरामद हुई, जिससे अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक चोट और अंदरूनी जख्मों के कारण महिला और गर्भ में पल रहे तीन माह के शिशु की मौत हो गई।

मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जब पुलिस घटनास्थल पहुंची तो घर की दीवारों और फर्श पर खून के धब्बे और घसीटने के निशान मिले। फिलहाल मणिपुर थाना पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।




































