RAJNANDGAON NEWS. महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली पद्मश्री सम्मानित फुलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे की है, जब बेमेतरा जिले से आई एक युवती खुशबू साहू अपने साथियों के साथ फुलबासन बाई के सुकुलदैहान स्थित निवास पहुंची। आरोपियों ने एक दिव्यांग महिला के साथ फोटो खिंचवाने का बहाना बनाकर उन्हें वाहन में बैठाया और अपहरण करने का प्रयास किया।

इसी दौरान पुलिस द्वारा चिखली क्षेत्र में लगाए गए वाहन चेकिंग प्वाइंट पर एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोका गया। पूछताछ के दौरान वाहन में बैठी महिला की स्थिति संदिग्ध लगी। आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करते हुए उसे मिर्गी का मरीज बताया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर महिला ने इशारे से मदद मांगी।

पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के अनुसार, तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में स्पष्ट हुआ कि महिला फुलबासन बाई यादव हैं, जिन्हें आरोपियों ने जबरन वाहन में बैठाकर ले जाने की कोशिश की थी। आरोपियों ने उन्हें धमकाने के लिए मिर्च स्प्रे भी दिखाया और उनके सामाजिक कार्यों को लेकर दबाव बनाने का प्रयास किया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मिर्च स्प्रे और घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपियों में खुशबू साहू, सलोनी महेश्वरी, दिनेश बंजारे, गोपाल खेलवार और चिनक राम साहू शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई के चलते एक बड़ी वारदात टल गई और फुलबासन बाई यादव को सुरक्षित बचा लिया गया।





































