BILASPUR NEWS. कोनी थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-130 (NH-130) पर कट्टे की नोक पर ट्रेलर से डीजल लूटने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम सेंदरी स्थित जय ऑटो मोबाइल के सामने खड़े ट्रेलर से चार अज्ञात बदमाशों ने चालक को जान से मारने की धमकी देकर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया और सफेद रंग की स्कॉर्पियो में भरकर फरार हो गए। मामले में कोनी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी प्रियांशु साहू निवासी गया विहार, सरकंडा ट्रांसपोर्टिंग का कार्य करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 23 अप्रैल 2026 की रात लगभग 8 बजे ट्रेलर क्रमांक CG10BL8136 को मरम्मत के लिए ग्राम सेंदरी स्थित जय ऑटो मोबाइल भेजा गया था। दुकान में पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण चालक जितेंद्र कुमार ने ट्रेलर को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और वाहन में ही सो गया।

आवाज सुनकर खुली नींद
24 अप्रैल की रात करीब 3:30 बजे ट्रेलर की डीजल टंकी से छेड़छाड़ और तेल निकालने की आवाज सुनकर चालक की नींद खुल गई। बाहर निकलने पर उसने देखा कि चार युवक टंकी से डीजल निकाल रहे हैं। चालक के विरोध करते ही आरोपियों ने उसकी कनपटी पर कट्टा सटा दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। भय के चलते चालक कुछ नहीं कर सका और आरोपी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे।

ड्रम में भरकर स्कॉर्पियो से फरार
बदमाश ट्रेलर से लगभग 100 लीटर डीजल निकालकर ड्रम में भरते रहे और बाद में उसे सफेद रंग की स्कॉर्पियो में रखकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चालक ने तत्काल इसकी जानकारी ट्रांसपोर्टर को दी, जिसके बाद कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल सफेद स्कॉर्पियो वाहन की पहचान कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



































