RAIPUR NEWS. रायपुर में आज प्रदेश कांग्रेस की मैराथन बैठक आयोजित हो रही है, जिसमें शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी पहुंचे हैं। इस बैठक को लेकर राज्य की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है। कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में नेता पाला बदलने की स्थिति में हैं, इसलिए केंद्रीय नेतृत्व को बैठक करनी पड़ रही है।

मंत्री रामविचार नेताम के इस बयान पर कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के भीतर चल रही कशमकश का अनुभव करते हुए ही मंत्री इस तरह के बयान दे रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कांग्रेस की नियमित बैठक है, जो हर कुछ महीनों में आयोजित होती है, और इसे लेकर पार्टी में उत्साह का माहौल है।


आज की बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के साथ प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। बैठक का आयोजन रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में किया गया।

दोपहर 12 बजे जिलाध्यक्षों के साथ चर्चा हुई, जबकि दोपहर 2 बजे ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक आयोजित की गई। इस दौरान संगठन के कामकाज की समीक्षा के साथ आगामी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सरकार के ‘सुशासन तिहार’ को लेकर उसे घेरने की रणनीति भी बनाई गई है। बहरहाल देखना होगा कि इस बैठक का असर आने वाले समय में कितना दिखाई देता है।






































