RAIPUR NEWS. इंडियन नेशनल कांग्रेस की महिला इकाई में बड़ा बदलाव करते हुए छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर तक की मौजूदा कार्यकारिणी को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है। इस संबंध में Alka Lamba ने आधिकारिक आदेश जारी किया है।


जारी निर्देश में कहा गया है कि छत्तीसगढ़ महिला कांग्रेस को अधिक सशक्त, सक्रिय और जनआधारित संगठन के रूप में विकसित करने के लिए व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इसी क्रम में नई टीम के गठन से पहले वर्तमान कार्यकारिणियों को भंग करने का निर्णय लिया गया है।


अल्का लांबा ने स्पष्ट किया कि आगामी नियुक्तियों में संगठन के प्रति समर्पण, सदस्यता अभियान में भूमिका, जनसंपर्क क्षमता, सक्रिय भागीदारी और संघर्षशील कार्यशैली को प्रमुख आधार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही नई प्रदेश, जिला, ब्लॉक और बूथ स्तरीय कार्यकारिणियों की घोषणा की जाएगी।



































