Lalitpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय महिला की मौत हो गई। घटना जखौरा-बांसी मार्ग पर खोडन नदी के पास हुई, जब महिला अपनी छह माह की बेटी के साथ बाइक से ससुराल लौट रही थी।

बेटी को गोद में लेकर बैठी थी महिला
पुलिस के अनुसार, थाना जखौरा के ग्राम जमौरा निवासी दीपिका पाल अपनी छह माह की बेटी के साथ मायके, थाना पूरा कलां के एवनी गांव गई हुई थीं। शनिवार को उनका चचेरा देवर उन्हें बाइक से वापस ससुराल छोड़ने जा रहा था। दीपिका ने अपनी मासूम बच्ची को गोद में लिया हुआ था।
अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिरीं
दोपहर के समय जब बाइक खोडन नदी के पास पहुंची, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और दीपिका अपनी बेटी सहित सड़क पर गिर गईं। हादसे में दीपिका के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि बच्ची सुरक्षित बच गई

इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद दीपिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए ललितपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने वहां उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पति करता है बाहर मजदूरी, दो साल पहले हुई थी शादी
रविवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार, दीपिका की शादी दो साल पहले हुई थी और उनके पति नासिक में मजदूरी करते हैं। उनके पीछे छह माह की बेटी रह गई है।

































