BILASPUR NEWS. भनवारटंक स्थित मरहीमाता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे एक परिवार पर रविवार शाम टाटीधार पुल के पास कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद पिकअप वाहन को साइड देने की बात को लेकर शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। हमले में महिलाओं और बच्चों को भी नहीं बख्शा गया। एक बच्चे का सिर फट गया, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। शिकायत के आधार पर बेलगहना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, विश्राम प्रकाश बघेल अपने परिवार के साथ पिकअप वाहन में सवार होकर मरहीमाता मंदिर दर्शन के लिए गए थे। रविवार शाम वापसी के दौरान टाटीधार पुल के पास पीछे से आई एक मोटरसाइकिल (CG 10 CD 4419) पर सवार तीन युवक और उनके अन्य साथी, जो दूसरी पिकअप में बताए जा रहे हैं, रास्ते में विवाद करने लगे।

आरोप है कि साइड देने को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उन्होंने एकजुट होकर विश्राम प्रकाश और उनके परिजनों पर हाथ-मुक्कों, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे परिवार को भी पीटा
मारपीट देख जब परिवार की महिलाएं और बच्चे बीच-बचाव के लिए आगे आए तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान विश्राम प्रकाश और उनकी पत्नी चंद्रिका को गंभीर चोटें आईं, जबकि बेटे अजीत का सिर फट गया। अन्य परिजनों को भी चोटें पहुंची हैं।
घटना के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इसके बाद आरोपी कथित रूप से धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।

कोटा से बेलगहना पहुंचा मामला
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पहले कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई। वहां शून्य पर मामला दर्ज कर डायरी बेलगहना थाना भेजी गई। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के मुताबिक, अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।




































