GARIYABAND NEWS. अखिल भारतीय औषधि विक्रेता संगठन के आह्वान पर 20 मई को प्रस्तावित देशव्यापी औषधि व्यापार बंद को लेकर गरियाबंद जिला दवा विक्रेता संघ ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अपनी लंबित मांगों को लेकर जिले के दवा व्यापारी बुधवार को जिला मुख्यालय में विशाल और ऐतिहासिक मोटर साइकिल रैली निकालेंगे।

संघ द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह महारैली दोपहर 12 बजे स्थानीय आरती मेडिकल शिव मंदिर से शुरू होगी। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए दोपहर 1 बजे कलेक्टोरेट पहुंचेगी, जहां प्रशासनिक अधिकारियों को विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा।

जिला दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा ने बताया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य औषधि व्यापार और जनस्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों एवं लंबित मांगों की ओर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना है। उन्होंने कहा कि देशभर में हो रहे इस बंद को गरियाबंद जिले के दवा व्यापारियों का पूर्ण और अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।

संघ ने स्पष्ट किया है कि रैली पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आयोजित की जाएगी। यातायात नियमों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

रैली को लेकर जिला दवा विक्रेता संघ के अध्यक्ष अरुण मिश्रा, कोषाध्यक्ष अमीन मेमन और सचिव अश्वनी सिंह ठाकुर सहित जिले के कई प्रमुख दवा व्यापारियों ने पुलिस अधीक्षक को लिखित सूचना देकर आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा सहयोग की मांग की है।





































