BHILAI NEWS. दुर्ग जिले के भिलाई में सड़क पर हुई हिंसक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना सुपेला स्थित पंजाब बार के बाहर की बताई जा रही है, जहां रविवार रात दो गुटों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के मुताबिक, ज्ञानेश साहू और आशीष साहू अपने परिचित पप्पू साहू के साथ पंजाब बार में शराब पीने पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक झड़प में बदल गया और चार अज्ञात युवकों ने दोनों भाइयों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने बीयर की बोतल से उनके सिर पर वार किया और बेरहमी से मारपीट की।

बताया जा रहा है कि आशीष साहू कुछ देर के लिए बार के बाहर निकला था, तभी बाहर मौजूद युवकों से उसका विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी उसे मारते हुए बार के अंदर तक घुस आए। वायरल वीडियो में आरोपी एक युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने युवक के पैरों पर बाइक चढ़ाने की भी कोशिश की। जान बचाने के लिए एक युवक बार के अंदर भागता दिखाई दिया।

इस हमले में ज्ञानेश साहू के सिर, हाथ, सीने, पीठ और बाएं पैर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि आशीष साहू के गले और पीठ पर भी चोटें आई हैं। घटना रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच की बताई जा रही है।

पीड़ितों की शिकायत पर वैशाली नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि बार में मारपीट की घटना हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।




































