ASANSOL NEWS. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के आसनसोल में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने जनता को निर्भीक होकर मतदान करने का संदेश देते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनते ही कानून का राज स्थापित होगा।

मुख्यमंत्री योगी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “TMC के गुंडे क्या कह रहे हैं, इससे डरने की जरूरत नहीं है। कोई माफिया या मौलाना क्या बोल रहा है, उसकी चिंता छोड़ दीजिए। बंगाल में जैसे ही भाजपा की सरकार आएगी, ये सभी लोग आपकी चाटुकारिता करते और सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे।” उन्होंने उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए कहा कि आज यूपी में कोई सड़क पर नमाज नहीं पढ़ सकता और सभी पर्व-त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से मनाए जाते हैं।

ममता सरकार पर तुष्टीकरण का आरोप
योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस तरह ‘दीदी’ को राम नाम और दुर्गा पूजा से चिढ़ है, वैसी ही स्थिति पहले उत्तर प्रदेश में भी थी। उन्होंने जोर देकर कहा, “डबल इंजन की सरकार की ताकत देखिए कि आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर खड़ा है। इसे न कांग्रेस रोक पाई, न सपा और न ही कोई और शक्ति रोक पाएगी।”

सुरक्षा और कानून व्यवस्था की गारंटी
भाषण के दौरान उन्होंने दंगामुक्त बंगाल का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार आने पर न दंगा होगा और न ही कर्फ्यू लगेगा। गोमाता को कटने नहीं दिया जाएगा। ‘डबल इंजन’ की सरकार बहन-बेटियों की सुरक्षा की शत-प्रतिशत गारंटी देती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब हिंदुओं को बंटने नहीं दिया जाएगा।

दरअसल, योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को बंगाल में तीन बड़ी जनसभाएं कीं, जिसमें सबसे पहली सभा आसनसोल में आयोजित हुई। इन सभाओं के जरिए उन्होंने भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण के मुद्दों पर राज्य सरकार को घेरते हुए विकास और सुरक्षा के नाम पर वोट की अपील की।





































