RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इस मामले में कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों पर एफआईआर दर्ज किए जाने के बाद गृहमंत्री विजय शर्मा ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मामला दर्ज हो चुका है और यह बेहद गंभीर दुर्घटना है। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि एफआईआर ऑनलाइन होती है, उन्हें लिंक बता दीजिए, वे खुद देख लें।

दरअसल, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सरकार पर एफआईआर सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाया था। उन्होंने वेदांता कंपनी के पुराने हादसों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पहले भी जिम्मेदारों को बचाया गया और इस बार भी लीपा-पोती की जा रही है।

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि देश की आधी आबादी को 33% आरक्षण देने का यह बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उन्हें देश की मातृशक्ति को जवाब देना चाहिए। बस्तर को लेकर भी विजय शर्मा ने बड़ा दावा किया।

उन्होंने कहा कि अब बस्तर में उत्सव का माहौल है, लोग खुलकर जी रहे हैं और विकास गांव-गांव तक पहुंच रहा है। “वाइब्रेंट बस्तर विलेज” योजना के जरिए क्षेत्र को आगे बढ़ाया जाएगा।

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार को लेकर उन्होंने कहा कि जनता बीजेपी के साथ खड़ी है और आने वाले समय में वहां सरकार बनेगी। उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब जवाब देने के मूड में है।





































