RAIGHAR NEWS. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। घटना घरघोड़ा थाना क्षेत्र के अमलीडीह रोड की है, जहां एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसा।

मौके पर ही तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार शाम करीब 4 बजे घरघोड़ा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक पर सवार एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।


पुसौर के रहने वाले थे मृतक
हादसे की सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों की पहचान गुड्डू पटेल और रजनी पटेल के रूप में की है। जानकारी के मुताबिक, दोनों पुसौर क्षेत्र के बिजना गांव के निवासी थे।

पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ट्रेलर के बेकाबू होकर खेत में घुसने से घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रेलर चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।




































