BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली बिलासपुर सेंट्रल जेल एक बार फिर गंभीर लापरवाही को लेकर सुर्खियों में है। मस्तुरी गोलीकांड के आरोपियों ने जेल के भीतर से सोशल मीडिया पर रील बनाकर वायरल कर दी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

मामला उस समय सामने आया जब मस्तुरी गोलीकांड के मुख्य आरोपी, जो वर्तमान में जेल में बंद हैं, उनसे मिलने आए कुछ युवकों ने मुलाकात कक्ष में मोबाइल ले जाकर वीडियो रिकॉर्ड किया। इस वीडियो को इंस्टाग्राम आईडी _devebh_don99x से पोस्ट किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

विवादित गाने पर रील, कैप्शन ने बढ़ाया विवाद
वायरल वीडियो में आरोपी सलाखों के पीछे खड़े नजर आ रहे हैं और बैकग्राउंड में ‘सीधा ठोक दूँ शहर में जो दादा बनता’ गाना बज रहा है। वीडियो के कैप्शन— “जल्दी आओ मामा लोग”— ने मामले को और तूल दे दिया है। इससे जेल के भीतर मोबाइल पहुंचने और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।

पुरानी रंजिश से जुड़ा है मामला
जानकारी के अनुसार, यह मामला पुरानी रंजिश का परिणाम है। अक्टूबर 2025 में मस्तुरी क्षेत्र में कांग्रेस नेता नितेश सिंह पर करीब 14 राउंड फायरिंग की गई थी। इस घटना में पुलिस ने मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत और अकबर खान समेत 11 लोगों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से अधिकांश अभी जेल में बंद हैं।

जेल प्रशासन हरकत में, जांच शुरू
जेल के भीतर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित होने के बावजूद वीडियो का वायरल होना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि वीडियो बनाने और वायरल करने वालों की पहचान की जा रही है। तकनीकी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
इस मामले में दो अन्य आरोपी— नागेंद्र राय और तारकेश्वर पाटले— अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।




































