BHILAI NEWS. छत्तीसगढ़ में खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा आयोजन होने जा रहा है। 17 से 19 अप्रैल 2026 तक सेक्टर-6 स्थित पॉवर जिम, भिलाई में 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन एवं पॉवर जिम, भिलाई के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगी।

इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 15 जिलों से लगभग 250 पुरुष एवं महिला खिलाड़ी और ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में सब जूनियर (18 वर्ष तक), जूनियर (23 वर्ष तक), सीनियर (ओपन) और मास्टर वर्ग (40, 50, 60 एवं 70 वर्ष से अधिक) के खिलाड़ी अपनी ताकत का प्रदर्शन करेंगे।

महिला वर्ग में 43 से +84 किलोग्राम और पुरुष वर्ग में 53 से +120 किलोग्राम तक विभिन्न वजन वर्ग निर्धारित किए गए हैं, जिनमें खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे।

प्रतियोगिता के विजेताओं को पदक, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी, वहीं “बेस्ट लिफ्टर ऑफ छत्तीसगढ़” का खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों को विशेष रूप से नगद पुरस्कार भी दिया जाएगा।
इस बार प्रतियोगिता में पहली बार ऑनलाइन डिजिटल रेफरी लाइट सिस्टम का उपयोग किया जाएगा, जिससे निर्णय प्रक्रिया और अधिक पारदर्शी व आधुनिक बनेगी। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है।

आयोजकों द्वारा खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के लिए भोजन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।

इस प्रतियोगिता के प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय स्तर की पावरलिफ्टिंग प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ पॉवर लिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू ने बताया कि यह आयोजन प्रदेश में पावरलिफ्टिंग खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।




































