RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को आमापारा स्थित गुरु घासीदास प्लाजा में आयोजित की गई। इस बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों से लगभग 500 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान एनएचएम कर्मचारियों द्वारा अब तक किए गए आंदोलनों, प्रयासों, लंबित मांगों और कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। संघ के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया कि कर्मचारियों की मांगों को एक बार फिर सरकार के समक्ष ज्ञापन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत और संगठित बनाने पर भी सहमति बनी।

भव्य प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन का निर्णय
बैठक में सभी जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने विचार साझा किए। इस दौरान यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 21 वर्षों (2005 से 2026) की उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए एक भव्य प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस प्रस्तावित महासम्मेलन में लगभग 17,000 कर्मचारियों और उनके परिवारजनों की भागीदारी होने की संभावना जताई गई है।

इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है।

लंबे समय से लंबित हैं प्रमुख मांगें
गौरतलब है कि एनएचएम कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत हैं। उनकी प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति, स्थानांतरण नीति, बेहतर चिकित्सा सुविधा, नई मानव संसाधन नीति और सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मांगें शामिल हैं।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अमित मिरी, महासचिव कौशलेश तिवारी, हेमंत सिन्हा, डॉ. आर.के. दीक्षित, प्रफुल्ल पाल, पुरन दास, डॉ. आलोक शर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्याम मोहन दुबे, दिनेश खर्कवाल, संतोष चंदेल, अमित कौशिक, दिव्या लाल, लीना जेम्स, अशोक उइके, निर्मला साहू, शिल्पी राय सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी, जिलाध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष उपस्थित रहे।


































