RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (CGBSE) आज हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) मुख्य परीक्षा के परिणाम घोषित करेगा। शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में दोपहर 2:30 बजे नतीजों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा मंडल दोपहर 2:30 बजे 10वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी करेगा। जैसे ही घड़ी ढाई बजाएगी, करीब 3.20 लाख छात्र-छात्राओं का इंतजार खत्म हो जाएगा और भविष्य की दिशा तय करने वाला परिणाम सामने होगा। पिछले साल 5 लाख से ज्यादा छात्राें ने एग्जाम दिया था।

सत्र 2026 में लगभग 3,20,535 विद्यार्थियों ने 10वीं बोर्ड परीक्षा के लिए पंजीयन कराया था। पिछले साल के मुकाबले इस बार परीक्षार्थियों की संख्या में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। साल 2025 का रिजल्ट काफी बेहतर रहा था। 3,23,094 परीक्षार्थियों में से 76.53% छात्र सफल हुए थे, जो पिछले चार वर्षों का सबसे अच्छा प्रदर्शन था। करीब 2.46 लाख छात्रों ने सफलता हासिल की थी।

इसी तरह 12वीं करीब 2.5 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। 2025 में 10वीं और 12वीं मिलाकर करीब 5.65 लाख छात्रों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 10वीं के लगभग 3.23 लाख छात्र शामिल थे। वहीं 2026 में यह आंकड़ा घटकर करीब 3.20 लाख रह गया। पिछले साल की तरह इस बार भी सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या छात्राएं फिर से बाजी मारेंगी। मेरिट लिस्ट, टॉपर्स और पास प्रतिशत को लेकर उत्सुकता चरम पर है।

ऐसे चेक करें अपना रिजल्ट
सबसे पहले CGBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर क्लिक करें।
होमपेज पर ‘परीक्षा परिणाम 2026’ के टैब पर क्लिक करें।
अपनी कक्षा (10वीं या 12वीं) का चुनाव करें।
अपना रोल नंबर और स्क्रीन पर दिख रहा कैप्चा कोड दर्ज करें।
‘सबमिट’ बटन दबाते ही आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर खुल जाएगी।

जानिए पिछले साल कैसा रहा रिजल्ट
छत्तीसगढ़ बोर्ड (CGBSE) के नतीजों के साथ मंडल टॉपर्स की सूची और पास प्रतिशत के आंकड़े भी जारी करता है। फिलहाल, आप पिछले साल (2025) के प्रदर्शन पर नजर डाल सकते हैं, जिससे इस साल के रुझानों का अंदाजा लगाया जा सके। पिछले साल (2025) में 12वीं बोर्ड में कुल 81.87% छात्र सफल रहे। इसमें लड़कियों का प्रदर्शन लड़कों से बेहतर रहा।

वहीं, 10वीं बोर्ड में कुल 76.53% छात्र पास हुए, जिसमें लड़कियों का पास प्रतिशत 80.70% और लड़कों का पास प्रतिशत 71.39% रहा। रिजल्ट घोषित होने के बाद भारी ट्रैफिक के कारण वेबसाइट स्लो हो सकती है, ऐसी स्थिति में छात्र थोड़ा धैर्य रखें और दोबारा प्रयास करें। साथ ही, इंटरनेट से डाउनलोड की गई मार्कशीट केवल तत्काल जानकारी के लिए है; मूल मार्कशीट छात्रों को उनके संबंधित स्कूलों से ही प्राप्त होगी।



































