BILASPUR NEWS. शहर के व्यस्ततम मार्गों में शामिल तारबाहर अंडरब्रिज इन दिनों आम जनता के लिए राहत के बजाय परेशानी का कारण बन गया है। लंबे समय से चल रहे मरम्मत कार्य की धीमी रफ्तार और लापरवाही के खिलाफ आज जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए रेल मंडल अधिकारी को ज्ञापन सौंपा और जमकर विरोध दर्ज कराया।

पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि अंडरब्रिज का कार्य जानबूझकर धीमी गति से किया जा रहा है, जिससे हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है। मजदूर, छात्र-छात्राएं और व्यापारी वर्ग रोजाना जाम, लंबा डायवर्जन और असुविधाओं से जूझ रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल औपचारिकताओं में उलझे नजर आ रहे हैं।

विरोध के दौरान पार्टी ने इस देरी को सिर्फ प्रशासनिक लापरवाही नहीं, बल्कि आम जनता के साथ अन्याय करार दिया। पदाधिकारियों ने आशंका जताई कि निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार और ठेकेदारी व्यवस्था की मिलीभगत हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी ने रेलवे प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही कार्य की गति नहीं बढ़ाई गई और अंडरब्रिज को आम लोगों के लिए नहीं खोला गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। पार्टी ने चक्का जाम, धरना-प्रदर्शन और रेलवे कार्यालय के घेराव जैसे कदम उठाने की भी बात कही।

पार्टी की प्रमुख मांगें
-अंडरब्रिज निर्माण कार्य को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए
-निर्माण की गुणवत्ता की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो
-अंत में पार्टी ने स्पष्ट कहा कि अब जनता चुप नहीं बैठेगी। यदि प्रशासन ने समय रहते संज्ञान नहीं लिया, तो यह मुद्दा बड़े जनआंदोलन का रूप ले सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे प्रशासन की होगी।




































