AMBIKAPUR NEWS. सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास शुक्रवार को एक अधेड़ महिला का खून से सना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी बेरहमी से हत्या की गई है। जांच में महिला के प्राइवेट पार्ट में बोतल पी गई है, जिससे क्रूरता की सारी हदें पार करने की आशंका जताई जा रही है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। हमलावरों ने सिर और गर्दन पर घातक वार किए हैं। साथ ही पहचान छिपाने के इरादे से चेहरे को पत्थर से कुचल दिया गया है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए मामला सुनियोजित हत्या या आपसी रंजिश का प्रतीत हो रहा है।

सूचना मिलते ही डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

इस नृशंस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर सवाल उठाए हैं।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल मृत महिला की पहचान नहीं हो सकी है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान कर उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है।





































