DURG NEWS. दुर्ग शहर के पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत केलाबाड़ी स्थित सुभाष नगर में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। एक किराए के मकान में रहने वाले युवक ने अपनी ही प्रेमिका की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने युवती को बेहोश समझते हुए स्वयं 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका उनेश्वरी वर्मा (25 वर्ष) मूल रूप से खैरागढ़ जिले के चिचोला की निवासी थी। वह दुर्ग के बीएम कॉलेज में बी.एड. की पढ़ाई कर रही थी और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के सिलसिले में दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी कार्तिक राम साहू (27 वर्ष), जो बालोद जिले का निवासी है, उसी कॉलेज में बी.एड. का छात्र है और मृतका का सहपाठी था। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

फोन कॉल को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि घटना के दिन दोनों के बीच फोन कॉल न उठाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसके बाद आरोपी युवक उनेश्वरी को अपने सुभाष नगर स्थित किराए के कमरे में ले आया, जहां दोनों के बीच बहस बढ़ गई। इसी दौरान आरोपी गुस्से में आ गया और उसने युवती का गला दबा दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद किया एंबुलेंस को फोन
घटना के बाद आरोपी ने युवती को मृत समझने के बजाय बेहोश समझ लिया और तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को फोन कर दिया। मौके पर पहुंची स्वास्थ्य टीम ने युवती को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में आरोपी ने कबूला अपराध
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है। डिजिटल साक्ष्य सहित अन्य सबूत जुटाए जा रहे हैं।

परिवार को नहीं थी संबंध की जानकारी
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के परिजन दुर्ग पहुंच गए। मृतका के पिता ने बताया कि उनेश्वरी उनके दो बेटों में इकलौती बेटी थी और पिछले दो वर्षों से पढ़ाई के लिए दुर्ग में रह रही थी। परिवार को उसके किसी प्रेम संबंध की जानकारी नहीं थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।




































