KORBA NEWS. औद्योगिक नगरी कोरबा के सरकारी गेस्ट हाउस में अनुशासन और मर्यादाओं की धज्जियां उड़ाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहाँ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन (DSPM) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार सहित पांच उच्चाधिकारियों को शराब पार्टी करते हुए पकड़ा गया है। वीआईपी रेस्ट हाउस में चली इस पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक कोरबा दौरे पर थे। उनसे मिलने के लिए उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को एक बंद कमरे से तेज संगीत की आवाज और सिगरेट की दुर्गंध आई। संदेह होने पर जब कमरे की जांच की गई, तो अंदर का नजारा देख सब दंग रह गए।

फ्रीजर से बरामद हुई शराब की बोतलें
कमरे के भीतर DSPM प्लांट के पांच अधिकारी शराब और कबाब की पार्टी में मशगूल थे। मौके पर शराब और बीयर की बोतलें मेज पर बिखरी मिलीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रूम सिगरेट के धुएं से भरा हुआ था। बाद में जब सीएसईबी रेस्ट हाउस के किचन और वहां रखे फ्रीजर की तलाशी ली गई, तो वहां से भी भारी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद की गईं। बताया जा रहा है कि यह गेस्ट हाउस खुद गोवर्धन सिदार के प्रभार में है, जिसका उन्होंने गलत फायदा उठाया।

मंत्री के निर्देश पर जांच शुरू
कार्यकर्ताओं ने तत्काल इसकी सूचना मौके पर मौजूद मंत्री लखनलाल देवांगन को दी। मंत्री ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल कंपनी के एमडी एस.के. कटियार को फोन कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।सरकारी परिसरों में इस तरह की अनैतिक गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। एमडी को मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है।

मामला फिलहाल सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का है। एमडी ने आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषी अधिकारियों पर गाज गिरना तय है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेस्ट हाउस में इस तरह की गतिविधियां लंबे समय से चल रही थीं।




































