RAIPUR NEWS. राजधानी के पंडरी थाना इलाके में एक 45 वर्षीय व्यक्ति द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जय साहू के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश शासन के पूर्व राज्य मंत्री धनी राम साहू के बेटे बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार घटना की सूचना मृतक के बड़े भाई भागवत साहू ने दी। उन्होंने बताया कि जय साहू ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया था।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घर के भीतर उनका शव मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि जय साहू पिछले कुछ समय से पारिवारिक समस्याओं के चलते मानसिक रूप से परेशान थे।

पुलिस ने इस संबंध में किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारण क्या रहे।

छत्तीसगढ़ में बढ़ते सुसाइड के मामले
National Crime Records Bureau की रिपोर्ट के अनुसार, छत्तीसगढ़ में आत्महत्या के मामलों में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2022 में 13 हजार से अधिक, 2021 में करीब 12,800 और 2020 में लगभग 11,600 मामले सामने आए। आंकड़े संकेत देते हैं कि राज्य में मानसिक तनाव और सामाजिक कारणों से सुसाइड की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।

आत्महत्या के पीछे ये प्रमुख कारण
National Crime Records Bureau के अनुसार, देश और छत्तीसगढ़ में आत्महत्या के प्रमुख कारणों में पारिवारिक विवाद, गंभीर बीमारियां, आर्थिक तंगी और कर्ज का दबाव शामिल हैं। इसके अलावा नशे की लत और मानसिक तनाव भी बड़ी वजह बन रहे हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक समय पर काउंसलिंग और सामाजिक सहयोग से इन मामलों को रोका जा सकता है।






































