RAIGARH NEWS. संगठित साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए रायगढ़ पुलिस ने फर्जी मैट्रिमोनियल साइट के नाम पर चल रहे एक बड़े नेटवर्क का खुलासा किया है। यह पूरा रैकेट लोक सेवा केंद्र की आड़ में संचालित किया जा रहा था, जहां यूट्यूब चैनल और फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए लोगों को शादी का झांसा देकर ठगी का शिकार बनाया जा रहा था। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के निर्देशन में की गई।

साइबर थाना, महिला थाना और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने दरोगापारा क्षेत्र स्थित एक कार्यालय पर छापेमारी की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी पहले लोक सेवा केंद्र के माध्यम से वैध कार्य करते थे, लेकिन लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी उन्होंने अवैध गतिविधियां जारी रखीं। इसके बाद आरोपियों ने “इंडिया मैट्रिमोनी” नाम से एक फर्जी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार कर लोगों को अपने जाल में फंसाना शुरू कर दिया। इस नेटवर्क के तहत यूट्यूब चैनलों पर फर्जी प्रोफाइल और फोटो अपलोड किए जाते थे।

आरोपी फर्जी जीमेल आईडी और मोबाइल नंबरों के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे और पहले बायोडाटा मंगवाकर रजिस्ट्रेशन फीस यूपीआई के जरिए वसूलते थे। इसके बाद मीटिंग और बातचीत के नाम पर अतिरिक्त शुल्क लिया जाता था। व्हाट्सएप क्यूआर कोड के माध्यम से लगातार पैसे ट्रांसफर कराए जाते थे और रकम वसूलने के बाद पीड़ितों से संपर्क तोड़ दिया जाता था। फिर “रिश्ता पसंद नहीं आया” कहकर नए लोगों को निशाना बनाया जाता था।

छापेमारी में मिले अहम सबूत
पुलिस कार्रवाई के दौरान लैपटॉप से फोटोशॉप के जरिए दस्तावेजों में छेड़छाड़ के प्रमाण मिले हैं। विभिन्न विभागों की फर्जी सील और मुहरें भी बरामद की गई हैं। साथ ही संदिग्ध डिजिटल डेटा और कई महत्वपूर्ण फाइलें जब्त की गई हैं। एक अन्य संस्था पर भी दबिश दी गई, जहां संचालक ने इस नेटवर्क से जुड़ाव की बात स्वीकार की है।

पुलिस जांच तेज, बड़े नेटवर्क की आशंका
पुलिस का मानना है कि यह केवल एक छोटा गिरोह नहीं, बल्कि एक संगठित साइबर फ्रॉड नेटवर्क है, जिसमें कई लोगों के शामिल होने की आशंका है। सभी डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी शशिमोहन सिंह ने आम नागरिकों से अपील की है कि ऑनलाइन मैट्रिमोनियल या सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए होने वाली ठगी से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



































