RAIPUR NEWS. रायपुर में पोस्ट ऑफिस में नौकरी दिलाने और फर्जी मेडिकल डिग्री बनाने के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में सामने आए इस बड़े ठगी कांड में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक ही परिवार से 2.34 करोड़ रुपये ठग लिए थे।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संजय निराला ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे समेत अन्य लोगों ने उनके रिश्तेदारों को पोस्ट ऑफिस के अलग-अलग पदों पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया। साथ ही फर्जी सर्टिफिकेट तैयार कर देने के नाम पर मोटी रकम वसूली, लेकिन किसी को नौकरी नहीं दिलाई गई।

इस मामले में पुलिस पहले ही भुनेश्वर बंजारे, नरेश मनहर, हीरा दिवाकर, राकेश रात्रे, साक्षी सिंह और अंकित तिवारी को गिरफ्तार कर चुकी थी। लगातार जांच के बाद अब गिरोह के मास्टरमाइंड सुनील प्रताप को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपी साक्षी सिंह से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ। उसने बताया कि वह सुनील प्रताप के साथ मिलकर पुणे स्थित डीवाई पाटिल विद्यापीठ यूनिवर्सिटी के नाम पर फर्जी एमबीबीएस और बीएएमएस डिग्री तैयार करता था।

इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नई दिल्ली निवासी सुनील प्रताप को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में सामने आया कि वह इस पूरे गिरोह का मास्टरमाइंड है और अब तक देश के अलग-अलग राज्यों में करीब 30 फर्जी डिग्री तैयार कर चुका है।

दस्तावेज जब्त, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के पास से बड़ी संख्या में फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।



































