BILASPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में साइबर ठगी का एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। चकरभाठा थाना क्षेत्र में ठगों ने खुद को विदेशी निवेशक बताकर एक वकील से 3 करोड़ 13 लाख 13 हजार रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को लंदन निवासी ‘क्रिस डेविड’नाम की महिला बताकर वकील से संपर्क किया।

इसके बाद उसने छत्तीसगढ़ में रियल एस्टेट और अन्य कारोबार में करोड़ों रुपये निवेश करने का प्रस्ताव दिया। भरोसा जीतने के लिए 103 करोड़ रुपये के निवेश का दावा किया गया। ठग ने निवेश की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर टैक्स और प्रोसेसिंग फीस मांगी। शुरुआत में 11.5 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए। इसके बाद अलग-अलग बहानों से लगातार पैसे मांगे जाते रहे।

फरवरी से जून 2024 के बीच आरोपी ने किश्तों में कुल 3.13 करोड़ रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए। पीड़ित को झांसे में बनाए रखने के लिए ठगों ने भारतीय रिजर्व बैंक (RBI), प्रवर्तन निदेशालय (ED) जैसी एजेंसियों का नाम लेकर डराया। कहा गया कि प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है, जिससे पीड़ित लगातार पैसे भेजता रहा।

जांच में सामने आया है कि इस्तेमाल किया गया मोबाइल नंबर हरियाणा के पानीपत निवासी के नाम पर दर्ज है। घटना का खुलासा होने के बाद पीड़ित ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने की ये अपील
अनजान लोगों के निवेश प्रस्ताव पर भरोसा न करें।
बड़े मुनाफे, लॉटरी या विदेशी निवेश के नाम पर आने वाले कॉल/मैसेज से सतर्क रहें।
किसी भी संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।





































