RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में 10वीं और 12वीं के छात्रों का लंबे समय से चल रहा इंतजार अब जल्द खत्म होने वाला है। शिक्षा मंडल द्वारा बोर्ड परीक्षा परिणाम जारी करने की तैयारी अंतिम चरण में है। जानकारी के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है और अब परिणाम तैयार करने का काम तेजी से चल रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि परिणाम इसी महीने की अंतिम तारीख यानी 30 अप्रैल या फिर 1 मई को घोषित किए जा सकते हैं।

हालांकि, अभी तक परिणाम जारी करने की आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है, लेकिन बोर्ड का प्रयास है कि जल्द से जल्द नतीजे जारी किए जाएं। गौरतलब है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 20 फरवरी से शुरू हुई थीं। इस दौरान 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा का पेपर लीक होने के कारण दोबारा परीक्षा आयोजित करनी पड़ी थी। अब सभी उत्तर पुस्तिकाओं की जांच पूरी होने के बाद परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है।

दरअसल, प्रदेश में पिछले शैक्षणिक सत्र से बोर्ड परीक्षाएं वर्ष में दो बार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। इसी कारण इस बार शिक्षा मंडल पर परिणाम समय से पहले जारी करने का दबाव भी साफ दिखाई दे रहा है। दूसरी बोर्ड परीक्षा जून में प्रस्तावित है, इसलिए पहले चरण के परिणाम समय पर घोषित करना आवश्यक माना जा रहा है, ताकि विद्यार्थियों को अगली परीक्षा और आगे की पढ़ाई की तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके।

शिक्षा मंडल ने स्पष्ट किया है कि 30 अप्रैल तक परिणाम जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। यदि किसी कारणवश देरी होती है, तो इसका असर उन विद्यार्थियों पर पड़ सकता है जो प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे NEET और JEE की तैयारी कर रहे हैं। समय पर परिणाम न आने से छात्रों को अपने करियर से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लेने में असमंजस का सामना करना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि पिछले वर्ष बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम 7 मई को घोषित किए गए थे। ऐसे में इस बार उससे पहले परिणाम जारी करने को लेकर मंडल की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।



































