SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिला में मंगलवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में बॉयलर फटने से 12 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं। हादसा डभरा थाना क्षेत्र के सिंघीतराई स्थित प्लांट में हुआ। एएसपी पंकज पटेल ने बताया कि 4 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल 18 मजदूरों को रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां 8 और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बाकी 10 घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिनमें कई 80% तक झुलस चुके हैं।

हादसे में घायल मजदूरों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रायगढ़ के मेट्रो हॉस्पिटल में 3 घायलों का इलाज जारी है, जबकि 2 मजदूरों को अपेक्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इसके अलावा 6 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। घटना के बाद प्लांट के बाहर मजदूरों के परिजनों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई और उचित मुआवजे की मांग की।

परिजनों का कहना है कि कुछ मजदूर अभी भी लापता हैं और प्रबंधन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने बताया कि घायलों के बेहतर इलाज के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल को भी अलर्ट पर रखा गया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने की घोषणा की गई है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए और घायलों को 50 हजार रुपए देने का ऐलान किया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि घटना के तुरंत बाद स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है। आसपास के जिलों से एम्बुलेंस और चिकित्सा संसाधनों को मौके पर भेजा गया है, ताकि घायलों को जल्द से जल्द इलाज मिल सके।





































