AMBIKAPUR NEWS. छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां गांजा तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस की ही बोलेरो वाहन को एक चोर मौके से लेकर फरार हो गया। घटना से पुलिस महकमे में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मोबाइल लोकेशन की सहायता से वाहन बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

छापेमारी के दौरान हुई घटना
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली थाना पुलिस को सत्तीपारा क्षेत्र में गांजा की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना प्राप्त हुई थी। इस सूचना के आधार पर प्रशिक्षु डीएसपी निशांत कुर्रे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जल्दबाजी में बोलेरो वाहन की चाबी गाड़ी में ही लगी रह गई, जिसका फायदा उठाकर एक युवक ने वाहन चुरा लिया।

छत से कूदकर वारदात को दिया अंजाम
बताया जा रहा है कि आरोपी मुकेश नामदेव अचानक एक घर की छत से नीचे उतरा और सीधे पुलिस की बोलेरो में बैठकर वाहन लेकर वहां से निकल गया। जब पुलिस दल वापस लौटा, तो वाहन को मौके पर न देखकर सभी हैरान रह गए और तुरंत खोजबीन शुरू की गई।

मोबाइल लोकेशन बनी सुराग
जांच के दौरान यह पता चला कि प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल फोन वाहन के अंदर ही रह गया है। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर की लोकेशन ट्रेस की और उसी दिशा में पीछा किया। कुछ ही समय बाद राम मंदिर के पास से पुलिस ने बोलेरो वाहन को सुरक्षित बरामद कर लिया। बाद में आसपास सर्च अभियान चलाकर आरोपी को भी पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से वाहन की चाबी भी बरामद हुई।

यह अनोखी घटना अब पूरे इलाके और पुलिस विभाग में चर्चा का विषय बनी हुई है।


































