BILASPUR NEWS. शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरू नगर में रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ एक पति ने नशे की हालत में अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका पुष्प लता यादव (37 वर्ष) अपने पति युवराज यादव (43 वर्ष) के साथ नेहरू नगर के MIG-33 स्थित एक किराए के मकान में रहती थी। आरोपी युवराज मूल रूप से कोटा के मोहन भाटा का रहने वाला है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे जब मकान मालकिन घर खाली कराने की बात करने पहुँची, तो इसी विषय को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया।


हिंसक झड़प और मौत
विवाद के दौरान आरोपी युवराज यादव नशे की हालत में था। बहस बढ़ने पर उसने अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और मामला देखते ही देखते हिंसक हो गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पुष्प लता को मारते-पीटते हुए घर के अंदर ले गया और बाथरूम के पास उसका सिर जोर से दीवार पर पटक दिया। सिर और चेहरे पर गंभीर चोट लगने के कारण पुष्प लता की मौके पर ही मौत हो गई।

आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। CSP निमितेष सिंह के अनुसार, पुलिस फरार आरोपी युवराज यादव की सरगर्मी से तलाश कर रही है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





































