BILASPUR/KORBA NEWS. वैवाहिक वेबसाइट के जरिए जीवनसाथी तलाश रही कोरबा की एक युवती धोखाधड़ी और यौन शोषण का शिकार हो गई। जांजगीर-चांपा जिले के एक युवक ने शादी का झांसा देकर बिलासपुर के होटल में युवती से दुष्कर्म किया और बाद में सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देकर नगदी व जेवर सहित करीब 8 लाख रुपये ठग लिए। पीड़िता की शिकायत पर तोरवा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार कोरबा निवासी 22 वर्षीय युवती ने वर्ष 2023 में एक मैट्रिमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान उसकी पहचान जांजगीर-चांपा निवासी पवन यादव नामक युवक से हुई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई जो धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। युवक ने युवती से शादी करने का वादा किया, जिस पर युवती ने भरोसा कर लिया।

बिलासपुर बुलाकर होटल में बनाया शारीरिक संबंध
बताया जा रहा है कि आरोपी युवती को मिलने के लिए अक्सर बिलासपुर बुलाता था। वर्ष 2024 में मुलाकात के दौरान उसने शादी का भरोसा दिलाकर तोरवा क्षेत्र के एक होटल में युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह लंबे समय तक शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करता रहा।

सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर ऐंठे लाखों
आरोपी ने युवती को सरकारी नौकरी लगवाने का लालच दिया और किस्तों में उससे 3 लाख 50 हजार रुपये नगद ले लिए। इसके बाद और पैसों की जरूरत बताकर उसने युवती से सोने का हार, चूड़ी और चेन जैसे जेवर भी ले लिए, जिनकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है।

शादी की बात पर तोड़ा संपर्क
जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और संपर्क तोड़ लिया। खुद के साथ धोखा होने का एहसास होने पर युवती ने बिलासपुर के तोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई।

तोरवा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी पवन यादव के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।





































