JAIPUR NEWS. जयपुर के सवाई मानसिंह चिकित्सालय में ट्रॉमा सेंटर में हुई आग की घटना के बाद निलंबित नर्सिंगकर्मियों के समर्थन में विरोध तेज हो गया है। नर्सिंग स्टाफ ने कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए कल से दो घंटे का कार्य बहिष्कार करने का फैसला लिया है। जयपुर स्थित Sawai Man Singh Hospital के ट्रॉमा सेंटर में हुई अग्नि घटना को लेकर दो घंटे की गेट मीटिंग आयोजित की गई। इस बैठक में बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी शामिल हुए और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बुधवार से एसएमएस अस्पताल के मुख्य भवन के साथ जयपुर से संबद्ध अन्य अस्पतालों में भी नर्सिंगकर्मी दो घंटे का कार्य बहिष्कार कर विरोध दर्ज कराएंगे। नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि अग्नि प्रकरण में चार साथियों को निलंबित किया जाना पूरी तरह अन्यायपूर्ण और एकतरफा कार्रवाई है।

विरोध कर रहे नर्सिंगकर्मियों का कहना है कि जब तक निलंबन वापस नहीं लिया जाता और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक विरोध जारी रहेगा। बैठक में सभी साथियों से एकजुट रहकर अपने साथियों के न्याय के लिए आवाज उठाने की अपील भी की गई।

इस बीच Rajasthan Nurses Association के मनोज दुब्बी ने बताया कि एसएमएस अस्पताल में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसरों को फरवरी माह का वेतन और वर्ष 2025 का वर्दी भत्ता अब तक नहीं मिला है, जिससे नर्सिंग स्टाफ में नाराजगी है।

इस संबंध में एसएमएस अस्पताल अधीक्षक के नाम कार्यालय प्रभारी डॉ. सतीश वर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने नर्सिंगकर्मियों को जल्द भुगतान करवाने का आश्वासन दिया है।





































