TEHRAN NEWS. अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच छिड़ा संघर्ष अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। मंगलवार को जंग के 25वें दिन ईरान के भीतर उसके महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे (Energy Infrastructure) को भारी नुकसान पहुंचाया गया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान के इस्फहान शहर स्थित गैस प्लांट और गैस कंट्रोल स्टेशन पर भीषण हमला हुआ है। इसके अतिरिक्त, खोर्रमशहर के पावर प्लांट और गैस पाइपलाइन को भी निशाना बनाया गया है, जिससे क्षेत्र में ऊर्जा संकट गहराने की आशंका पैदा हो गई है।


हिजबुल्लाह का इजराइल पर बड़ा पलटवार
ईरान पर हुए इन हमलों के बीच, लेबनान स्थित ईरान समर्थित संगठन हिजबुल्लाह ने इजराइल के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने इजराइल के 5 प्रमुख ठिकानों पर एक साथ मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। इस हमले में मुख्य रूप से इजराइली सैनिकों की एक छावनी, रडार सिस्टम और तोपखाने को टारगेट किया गया है।

मौत का आंकड़ा 2,600 के पार
पिछले 25 दिनों से जारी इस भीषण सैन्य टकराव में अब तक कुल 2,663 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है, जो क्षेत्र में मानवीय संकट की ओर इशारा कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तनाव को कम करने की कोशिशें अब तक बेअसर साबित हुई हैं और दोनों पक्ष पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।





































