TEHRAN NEWS. मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष रविवार को एक खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया। ईरान ने इजराइल के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए 4 बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं, जिसमें शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार लगभग 300 लोगों के घायल होने की खबर है। इस हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए ईरान को ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) खोलने के लिए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

ट्रम्प की चेतावनी: ‘नहीं माना तो पावर प्लांट तबाह कर देंगे’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए ईरान को सीधी चेतावनी दी। ट्रम्प ने कहा, अगर ईरान ने अगले 48 घंटों के भीतर होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह और बिना किसी खतरे के नहीं खोला, तो अमेरिका उसके पावर प्लांट्स को निशाना बनाएगा और उन्हें नेस्तनाबूद कर देगा। ट्रम्प ने स्पष्ट किया कि हमलों की शुरुआत ईरान के सबसे बड़े पावर प्लांट से की जाएगी।


होर्मुज की घेराबंदी से दुनिया में हड़कंप
ईरान द्वारा दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्ग ‘होर्मुज जलडमरूमध्य’ को बाधित करने की कोशिशों से वैश्विक ऊर्जा संकट गहरा गया है। पिछले एक सप्ताह में यूरोप में गैस की कीमतों में 35% तक का उछाल देखा गया है। ट्रम्प के इस अल्टीमेटम के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव चरम पर है, क्योंकि दुनिया का 20% कच्चा तेल इसी रास्ते से गुजरता है।

भारत की नजर: पीएम मोदी ने बुलाई हाई-लेवल बैठक
खाड़ी देशों में बिगड़ते हालात और कच्चे तेल की आपूर्ति पर पड़ रहे असर को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम कैबिनेट की एक आपात बैठक बुलाई है। इस बैठक में पेट्रोलियम, खाद और ऊर्जा क्षेत्र पर पड़ने वाले संभावित असर की समीक्षा की जाएगी।





































