SAKTI NEWS. सक्ती जिले में बुधवार को दो अलग-अलग घटनाओं ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। एक ओर एक युवक ने रेलवे ट्रैक पर आत्मघाती कदम उठाया, जबकि दूसरी घटना में अतिक्रमण विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया।

ट्रेन के सामने आए युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, ग्राम टेमर निवासी मुकेश पटेल ने रेलवे फाटक के पास अपनी बाइक खड़ी की और सामने से आ रही गोंडवाना एक्सप्रेस के सामने पहुंच गया। घटना के बाद ट्रेन चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी। आसपास मौजूद लोगों ने युवक को गंभीर हालत में बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अतिक्रमण से परेशान बुजुर्ग ने कीटनाशक पिया
वहीं जैजैपुर थाना क्षेत्र के अरसिया गांव में अतिक्रमण को लेकर चल रहे विवाद से परेशान एक बुजुर्ग ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या का प्रयास किया। परिजनों ने उन्हें बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया। गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चांपा रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार जारी है।

बताया जा रहा है कि गांव के ही एक व्यक्ति द्वारा घर के सामने कथित अतिक्रमण किए जाने से बुजुर्ग मानसिक रूप से परेशान थे। शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वे तनाव में थे। फिलहाल जैजैपुर पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पीड़ित के स्वस्थ होने के बाद बयान दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी।




































