KORBA NEWS. कोरबा जिले के बालको थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। मुड़धुवा गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान फुलजेन तिर्की के रूप में हुई है। वह अपने बड़े बेटे के साथ गोवा में काम करता था और बीती रात ही गांव लौटा था। घर पहुंचने के बाद उसकी 36 वर्षीय पत्नी गीता तिर्की से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि आक्रोश में आकर फुलजेन ने लकड़ी के डंडे से पत्नी पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण गीता तिर्की की मौके पर ही मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका अपने छोटे बेटे के साथ गांव में रहती थी, जबकि आरोपी पति बड़े बेटे के साथ गोवा में काम करता था।

घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतीश ठाकुर ने हत्या की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में चरित्र शंका को लेकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।




































