BILASPUR NEWS. रतनपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसके पति गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा नेशनल हाईवे 130 पर उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोपेड सवार दंपत्ति को पीछे से अपनी चपेट में ले लिया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सलखा (बेलतरा) निवासी रामायण कश्यप (55 वर्ष) गुरुवार सुबह लगभग 9:30 बजे अपनी पत्नी गीता कश्यप (52 वर्ष) के साथ मोपेड क्रमांक CG 12 BU 9771 पर सवार होकर बेलतरा की ओर जाने के लिए निकले थे। जैसे ही वे नेशनल हाईवे 130 पर चढ़े, बिलासपुर की ओर से कोरबा की तरफ जा रहे ट्रेलर (क्रमांक CG 12 AU 2454) ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर ही तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोपेड के पीछे बैठी गीता कश्यप सीधे ट्रेलर के पहियों के नीचे आ गईं। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, उनके पति रामायण कश्यप भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए।

अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 और 108 एम्बुलेंस को दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस की मदद से घायल रामायण कश्यप को तत्काल रतनपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर कर दिया है।

घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। रतनपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाकारित वाहन के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।



































