RAIPUR NEWS. छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की दो सीटों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रमुख दल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इसी बीच नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत का बड़ा बयान सामने आया है।

चरणदास महंत ने कहा कि कांग्रेस इस बार छत्तीसगढ़ से अपने किसी वरिष्ठ नेता को राज्यसभा भेजने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि पिछली बार राज्य में कांग्रेस की सरकार होने के कारण पार्टी ने तीन नेताओं को उच्च सदन में भेजा था, लेकिन वर्तमान परिस्थितियाँ अलग हैं। अब कांग्रेस विपक्ष में है और ऐसे में राज्य की आवाज को मजबूती से संसद में उठाने के लिए अनुभवी नेता को भेजना आवश्यक है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी नाम पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है और न ही कोई पैनल तैयार किया गया है। महंत ने कहा, “हम पैनल बनाकर औपचारिकता पूरी नहीं करते। सर्वसम्मति से चर्चा के बाद ही उम्मीदवार तय किया जाएगा।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि राज्य के हितों को प्राथमिकता देते हुए ऐसे प्रतिनिधि का चयन होगा जो राज्यसभा में प्रदेश के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठा सके।

भाजपा ने दावेदारों का पैनल भेजा
वहीं भाजपा ने संभावित उम्मीदवारों के नामों का पैनल तैयार कर पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। प्रस्तावित नामों में नवीन मार्कंडेय, कृष्णमूर्ति बांधी, किरण बघेल, गौरीशंकर अग्रवाल, प्रबल प्रताप जूदेव, सरोज पांडे और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण सिंह चंदेल शामिल हैं। पार्टी संगठन स्तर पर अंतिम निर्णय का इंतजार किया जा रहा है।

10 राज्यों की 37 सीटों पर होगा चुनाव
गौरतलब है कि भारत निर्वाचन आयोग ने 18 फरवरी को 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम जारी किया है। इन राज्यों में महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, असम, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और बिहार शामिल हैं। ये सभी सीटें अप्रैल 2026 में रिक्त हो रही हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा और परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में दो सीटों पर चुनाव होना है, जिसको लेकर प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है।
BJP is also discussing names, Chhattisgarh News, Congress candidate, Political activity heats up, Raipur News, Rajya Sabha seats, Rajya Sabha seats in cg, tirandaj.com, tirandaj.com top 10 news web site, छत्तीसगढ़ में राज्यसभा, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की चुनाव पर टिप्पणी, राजनीतिक हलचल, राज्यसभा की दो सीटों, राज्यसभा भेजने की तैयारी


































