RAIPUR NEWS.छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा सदन की कार्यवाही में शामिल हुए। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अनुमति मिलने के बाद वे सदन पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बगल में बैठे दिखाई दिए।

भाजपा नेताओं से मिले गले
सदन पहुंचते ही कवासी लखमा का अलग ही दृश्य देखने को मिला। वे भाजपा नेताओं से गले मिलते नजर आए। वीडियो में पहले मंत्री रामविचार नेताम और फिर अजय चंद्राकर से गले मिलते दिखे। इस दौरान कांग्रेस के अन्य विधायक यह दृश्य देखते रहे।

विशेष अनुमति से पहुंचे सदन
जानकारी के अनुसार, कवासी लखमा ने 6 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर बजट सत्र में शामिल होने की अनुमति मांगी थी। इस पर विचार करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें अनुमति प्रदान की। उनकी सदन में उपस्थिति को लेकर अदालत ने अंतिम निर्णय विधानसभा अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ा था।

इसके बाद 7 फरवरी को महाधिवक्ता से राय ली गई। प्राप्त अभिमत के आधार पर शर्तों के साथ उन्हें बजट सत्र 2026-27 की कार्यवाही में शामिल होने की अनुमति दी गई है।




































