SAKTI NEWS. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिले के एक मजदूर की मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में हत्या कर दी गई। घटना इंदौर के बाणगंगा थाना क्षेत्र के भागीरथपुरा इलाके की है, जहां मजदूरी करने गए भोजराम नारंगे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

मृतक भोजराम नारंगे सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरघटा गांव का निवासी था। वह रोजी-रोटी की तलाश में इंदौर गया हुआ था और वहां एक फोटो स्टूडियो में काम करता था। गुरुवार सुबह अज्ञात हमलावरों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

हत्या की खबर मिलते ही परिजन इंदौर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले की जांच जारी है।

इधर, घटना की जानकारी मिलने पर जैजैपुर के पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने मृतक की पत्नी की बात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से फोन पर कराई। बातचीत के दौरान मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सहायता की गुहार लगाई।

मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है। घटना के बाद मृतक के गांव देवरघटा में भी शोक की लहर है।




































