GARIYABAND NEWS. छत्तीसगढ़ के प्रयागक्षेत्र में ओपेरा के नाम पर अश्लील डांस आयोजन करने का मामला सामने आया है। ओपेरा की आड़ में अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने के बाद SDM तुलसी दास मरकाम को हटाया गया है। साथ ही SDM को नोटिस भी जारी किया गया है। कलेक्टर ने यह नोटिस जारी किया है।

इस मामले में देवभोग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार युवकों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में लापरवाही और अश्लील कृत्य के चलते दो पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है।

पुलिस ने आयोजन एक दिन पहले ही बंद करवा कर टेंट हटवा दिया था। अश्लील डांस के दौरान चांस मारते हुए वीडियो वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया। आयोजन की अनुमति मैनपुर एसडीएम द्वारा दी गई थी और कथित तौर पर एसडीएम की मौजूदगी में कार्यक्रम चलता रहा। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और चार युवको को गिरफ्तार किया गया है।

एसडीएम की मौजूदगी में देर रात तक चलता रहा डांस
बता दें कि यह मामला तब और गंभीर हो गया जब 9 जनवरी को मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम स्वयं कार्यक्रम देखने पहुंचे। आयोजकों ने उनके लिए आगे की सीट आरक्षित रखी थी। रात 11 बजे से सुबह 3 बजे तक मंच पर अर्धनग्न अवस्था में डांसर नाचती रहीं और पंडाल में मौजूद लोग जमकर पैसे लुटाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंडाल के भीतर पुलिसकर्मी, अधिकारी और कुछ जनप्रतिनिधि भी मौजूद थे, जो डांस के दौरान चांस मारते और पैसा उड़ाते नजर आए। पंडाल में भीड़ पूरी तरह बेकाबू हो गई थी।




































