SYDNEY NEWS. देश-दुनिया एक बार फिर आतंकी हमले से हिल उठा है। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में रविवार को बॉन्डी बीच पर हुए आतंकी हमले में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। मरने वालों में एक 10 साल की बच्ची और एक इजराइली नागरिक भी शामिल है। इसके अलावा 45 लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि बॉन्डी बीच पर हनुक्का फेस्टिवल मना रहे लोगों पर गोलीबारी बाप-बेटे ने की। इन दोनों पर पाकिस्तानी मूल के होने का शक है।

पुलिस ने 50 साल के पिता साजिद अकरम को मौके पर ही गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। जबकि 24 साल का बेटा नवीद अकरम अस्पताल में गंभीर लेकिन स्थिर हालत में है। वहीं, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ऑस्ट्रेलियाई सरकार की नीतियों को हमले के जिम्मेदार बताया है। नेतन्याहू के मुताबिक सरकार की नीतियों ने आग में घी डालने का काम किया।

ऑस्ट्रेलिया के गृह मंत्री टोनी बर्क ने खुलासा किया है कि साजिद अकरम 1998 में छात्र वीजा पर ऑस्ट्रेलिया आए थे। उन्होंने वेरेना नामक ऑस्ट्रेलियाई महिला से शादी की और अपना वीजा पार्टनर वीजा में बदल लिया। तब से वह रेजिडेंट रिटर्न वीजा पर हैं। यानी साजिद अकरम के पास ऑस्ट्रेलिया की नागरिकता नहीं थी। बर्क ने यह नहीं बताया कि अकरम ऑस्ट्रेलिया में कहां से आकर बसे थे। हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसी खबरें हैं कि वह पाकिस्तान से आए थे।अकरम के बेटे नवीद का जन्म 2001 में ऑस्ट्रेलिया में हुआ था। वह एक ऑस्ट्रेलियाई नागरिक है।

नवीद अक्टूबर 2019 में ऑस्ट्रेलियाई सुरक्षा खुफिया संगठन (ASIO) के जांच के घेरे में आए थे। हालांकि, उस समय उनके खिलाफ हिंसा में शामिल होने या किसी भी प्रकार के खतरे का कोई संकेत नहीं मिला था। हमले को लेकर वेरेना ने मीडिया को बताया कि मुझे यकीन नहीं हो रहा है कि उसने कोई आतंकी हमला किया है। उन्होंने कहा कि मेरा बेटा बहुत अच्छा है। वह कभी गलत संगत में भी नहीं रहा।

पुलिस के मुताबिक 50 साल के हमलावर साजिद अकरम के पास लाइसेंसी बंदूक थी, जिसका इस्तेमाल वह शिकार के लिए करते थे। एनएसडब्ल्यू पुलिस कमिश्नर मल लैनयन ने कहा कि साजिद अक्रम एक गन क्लब का सदस्य था और राज्य के कानून के तहत उसके पास लाइसेंस था। साजिद अकरम के पास कानूनी रूप से 6 बंदूकें थी। गोलीबारी के लिए निकलने से पहले बाप-बेटे ने अपने परिवार को कहा था कि वह मछलियां पकड़ने जा रहे हैं। अकरम अपने परिवार के साथ एक किराए के घर में रहता था।




































