GWALIOR. मध्य प्रदेश के ग्वालियर में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात हुई। तिघरा थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब 15 बदमाश हथियारों से लैस होकर एक घर में घुस गए। ताबड़तोड़ फायरिंग करने के बाद परिवार के सदस्यों को बंदूक की बटों से बेरहमी से पीटा गया। इसके बाद गर्भवती बहू को जबरदस्ती उठा ले गए। वारदात करवाचौथ से ठीक दो दिन पहले हुई, जिससे पूरा गांव दहशत में है।

इस हमले में महिला के सास-ससुर, चाचा और दादी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के पीछे पुराना विवाद और प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार के युवक की शादी डेढ़ साल पहले श्योपुर जिले की एक युवती से हुई थी।

शादी के बाद से दे रहा था धमकी
शादी के बाद से ही मुरैना जिले के तिलौंदा गांव का रहने वाला योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी उस युवक को धमकाता और डराता रहा। बुधवार रात योगेंद्र अपने करीब 14 साथियों कल्ली उर्फ किलेदार, डीपी, तहसिला, शेरू, भोला, बिज्जी, सत्यवीर, प्रदीप और अन्य के साथ पीड़ित के घर पहुंच गया।

गांव में घुसते ही बदमाशों ने गोलियां चलाना शुरू कर दीं। दस बदमाश लगातार हवाई फायर करते रहे, जबकि पांच लोगों ने घर के अंदर मौजूद परिवार के सदस्यों पिता, मां, दादी और चाचा पर बंदूक की बटों से हमला किया। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद बदमाशों ने नौ महीने की गर्भवती महिला को उठाकर फरार हो गए।

प्रेम प्रसंग की बात कर रही है पुलिस
परिजनों का कहना है कि बहू जल्द ही बच्चे को जन्म देने वाली थी। मगर, योगेंद्र और उसके साथियों ने घर में घुसकर न सिर्फ हमला किया बल्कि उसे अगवा कर लिया। पुलिस के मुताबिक, योगेंद्र का विवाहिता से पहले प्रेम संबंध था। उसने लंबे समय से धमकियां दी थीं और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया।

सीएसपी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि घायलों की हालत स्थिर है। गोली किसी को नहीं लगी, लेकिन मारपीट से गंभीर चोटें हैं। एक व्यक्ति की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। तिघरा थाना पुलिस ने पीड़ित पति की शिकायत पर योगेंद्र गुर्जर और उसके साथियों के खिलाफ अपहरण, हमला और धमकी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।






































